
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर भगाए जाने का मामला प्रकाश में आया है. पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने एमजीएम थाना क्षेत्र के हीराचुन्नी निवासी भोकलू धीवर उर्फ सूरज धीवर समेत चार लोगों को आरोपी बनाया है. अन्य आरोपियों में उसका पिता बम धीवर, मां दुटन धीवर और भाई बोरल धीवर शामिल हैं. पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
परिजनों ने बताया कि घटना 4 दिसंबर की है, जब लड़की अचानक घर से गायब हो गई. परिजन पहले खुद खोजबीन करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर 11 दिसंबर को गोविंदपुर थाना में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई. प्राथमिकी में कहा गया है कि मुख्य आरोपी भोकलू पहले से लड़की से संपर्क में था और शादी का प्रलोभन देकर उसे अपने साथ ले गया.
मामला दर्ज होते ही गोविंदपुर पुलिस सक्रिय हुई. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल नंबर ट्रेस कर लिए हैं और लोकेशन के आधार पर उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस तकनीकी निगरानी के माध्यम से यह जानने की कोशिश कर रही है कि घटना के बाद आरोपी किस दिशा में गए और वर्तमान में वे कहां छिपे हो सकते हैं.
गोविंदपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामला अत्यंत संवेदनशील है और इसकी त्वरित जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है तथा उम्मीद है कि नाबालिग को जल्द ही सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा. साथ ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी भी शीघ्र होगी.
पुलिस का मानना है कि ऐसे मामलों में आरोपी प्रायः रिश्तेदारों या परिचितों के यहां शरण लेते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस संभावित स्थानों पर भी सतर्कता से दबिश दे रही है. अधिकारियों ने परिजनों को आश्वस्त किया है कि मामले का शीघ्र उद्भेदन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

