
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंदपुर हाउसिंग कॉलोनी पुलिया के पास हुई मारपीट की घटना ने अब नया मोड़ ले लिया है. एक दिन पहले जहां अभिषेक कुमार उर्फ मोदी की ओर से ऋषभ और उसके साथियों के खिलाफ मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, वहीं अब दूसरे पक्ष की ओर से भी काउंटर केस दर्ज कराया गया है.
ऋषभ की ओर से दर्ज मामले में अभिषेक कुमार उर्फ मोदी, रोहित कुमार उर्फ खोखा और अंकित कुमार सिंह उर्फ बबुआ को आरोपी बनाया गया है. ऋषभ ने आरोप लगाया है कि उक्त तीनों ने धोखाधड़ी करने, गला दबाने और रंगदारी मांगने जैसी गंभीर हरकतें कीं. वहीं अभिषेक पक्ष का कहना है कि विवाद की शुरुआत ऋषभ द्वारा उनकी कार का शीशा तोड़ने से हुई थी, जिसके बाद बहस और फिर मारपीट की नौबत आ गई.
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं और मामले की जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि विवाद कार का शीशा फूटने से शुरू हुआ, जिसके बाद दोनों ओर से एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए मारपीट का मामला दर्ज कराया गया.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मामूली कहासुनी ने देखते-देखते हिंसक रूप ले लिया था. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ की. फिलहाल पुलिस सभी पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों की जांच एक साथ की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है.

