
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाड़ाबासा में मंगलवार को एक मेंस ब्यूटी पार्लर को लेकर स्थानीय महिलाओं ने जमकर हंगामा किया. महिलाओं ने पार्लर संचालक पर पार्लर की आड़ में गलत गतिविधियां चलाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया. विरोध की सूचना पर गोलमुरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए पार्लर को बंद करवा दिया.
स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि इस पार्लर में आए दिन संदिग्ध लोगों का आना-जाना लगा रहता है, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहा है. महिलाओं का कहना है कि पार्लर की आड़ में अशोभनीय काम किए जाते हैं, जो समाज और विशेष रूप से क्षेत्र की युवतियों पर गलत असर डाल रहा है.
बताया जा रहा है कि यह पहला मौका नहीं है जब इस पार्लर को लेकर विवाद खड़ा हुआ हो. इससे पहले भी स्थानीय महिलाओं ने विरोध कर पार्लर को बंद कराया था. लेकिन कुछ दिनों बाद संचालक ने पुनः पार्लर खोल दिया, जिसके बाद आज फिर विरोध तेज हो गया.
महिलाओं ने गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर पार्लर को सील कर दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

