
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने बिहार की राजधानी पटना से तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनका आपराधिक इतिहास कई राज्यों और जिलों में फैला हुआ है. गिरफ्तार आरोपियों में पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अशोक राजपथ रोड निवासी विकास कुमार उर्फ विकास कुमार शाह, सुल्तानगंज निवासी राजू कुमार तथा खाजेकलां सिटी कोर्ट क्षेत्र निवासी मोहम्मद इरफान उर्फ बॉली शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपी घूम-घूमकर विभिन्न शहरों और थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे. इनके खिलाफ पहले से पटना, पश्चिम बंगाल, रांची, सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर समेत अन्य थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
गोलमुरी थाना क्षेत्र में 17 सितंबर को ऋषभ कुमार के घर चोरी की घटना हुई थी. घटना के बाद पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन कर कांड के अनुसंधान की जिम्मेदारी सौंपी. तकनीकी जांच, मोबाइल सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम पटना पहुंची, जहां छापामारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, दो 8 एमएम के जिंदा कारतूस, चांदी का पायल, चांदी का बिछिया, बोल्ट कटर, हेक्सा ब्लेड, प्लास, पेचकस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने गोलमुरी थाना कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
इतना ही नहीं, आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने झारखंड के हजारीबाग जिले के कोर्रा थाना क्षेत्र, जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र और सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था. आरोपियों की निशानदेही पर गोलमुरी स्थित एक केबल कंपनी के जिम ऑफिस के खंडहर से देशी कट्टा समेत अन्य चोरी का सामान भी बरामद किया गया है.
फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है और इनके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है.

