
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में युवक सरबजीत सिंह पर चापड़ से हुए जानलेवा हमले के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है. इस मामले में संलिप्त तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. गिरफ्तार अभियुक्तों में मोहम्मद जुनैव रजा उर्फ़ जुनैद (21), ओवैश अंसारी उर्फ उबैश (22) और सोहैल खान उर्फ सोहैल (21) शामिल हैं. तीनों आरोपी गोलमुरी थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं.
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चापड़, चाकू, मोबाइल फोन, गांजा पीने वाला चीलम, तास की पत्ती, ताला कटर समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं. मामले का खुलासा गोलमुरी थाना प्रभारी ने प्रेस को जानकारी देते हुए किया.
थाना प्रभारी ने बताया कि 9 जनवरी को गोलमुरी थाना क्षेत्र के टुइलाडुंगरी लाइन नंबर 27 के पास सरबजीत सिंह पर 10 से 15 युवकों ने चापड़ और बेस बैंट से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था. घटना के बाद घायल सरबजीत सिंह ने गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज करते हुए सघन छापेमारी अभियान शुरू किया.
तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उनके बताए स्थानों से हथियार और अन्य सामग्री बरामद की गई.
पुलिस का कहना है कि इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान भी की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है. थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.

