
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छह संदिग्ध अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस को सूचना मिली थी कि मस्जिद के पास स्थित एक क्वार्टर में कुछ लोग इकट्ठा होकर किसी गंभीर आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही गोलमुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम गठित की और बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की.
दबिश के दौरान पुलिस ने जिशान उर्फ जिशू, नुमान, फैज, चांद तथा दो अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से तीन पिस्तौल और भारी मात्रा में जिंदा गोलियां बरामद की गईं. हथियारों की बरामदगी के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. आसपास के लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए क्षेत्र में लगातार निगरानी की मांग की.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी जिशान का संबंध जुगसलाई के तड़ीपार गैंगस्टर मनीष सिंह से जुड़ा बताया जा रहा है. जानकारी यह भी सामने आई है कि जिशान हाल ही में हत्या के एक मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था. पुलिस को आशंका है कि सभी आरोपी किसी बड़ी आपराधिक साजिश की तैयारी में थे.
फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए और उनकी संभावित साजिश का निशाना कौन था. अधिकारियों ने कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

