
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. टूइलाडूंगरी निवासी रवि खेड़ा उर्फ़ रविंदर सिंह के घर पर फायरिंग करने के मुख्य आरोपी रिंकू को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक छापेमारी अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में रिंकू ने घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हथियार भी बरामद कर लिया है. हथियार को अब फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा.
घटना के संबंध में बताया गया कि शुक्रवार की शाम रिंकू अपने साथी सागर के साथ रवि खेड़ा के घर पहुंचा था. दोनों ने कथित रूप से घर में जबरन घुसने की कोशिश की. तभी रवि के भाई ने उन्हें रोका, जिसके बाद विवाद बढ़ा और रिंकू तथा सागर ने फायरिंग कर दी. सौभाग्य से इस गोलीबारी में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई. घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे.
कुछ देर बाद जानकारी मिली कि सागर को गोली लगी है और उसे गंभीर हालत में टीएमएच (टाटा मेन हॉस्पिटल) में भर्ती कराया गया. अस्पताल में सागर ने बयान दिया कि उसे रवि ने गोली मारी, लेकिन पुलिस को यह बयान संदिग्ध लगा, क्योंकि फायरिंग रवि के घर पर हुई थी और उस समय रवि पुलिस थाने में मौजूद था. इस वजह से सागर के बयान की सत्यता को लेकर संदेह गहराता जा रहा है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सागर के बयान की गहराई से जांच की जा रही है. साथ ही सागर को गोली किसने और कैसे लगी, यह जानने के लिए मेडिकल रिपोर्ट और बरामद हथियार की फोरेंसिक जांच अहम भूमिका निभाएगी. वहीं, रिंकू से पूछताछ जारी है और पुलिस को उससे कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है. फिलहाल पुलिस इस मामले में आधिकारिक बयान देने से बच रही है, लेकिन जांच तेज गति से आगे बढ़ रही है.

