
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सबिना कॉलोनी स्थित एक कमरे से अपराध की साजिश रच रहे सात आरोपियों को गिरफ्तार किया. गुरुवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने मामले का खुलासा किया.
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने सबिना कॉलोनी में छापेमारी की. कमरे में मौजूद युवक पुलिस को देखते ही भागने लगे, लेकिन त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने सभी को खदेड़कर दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली डांगुडीह निवासी मो. जीशान उर्फ जीशु (26), बिष्टूपुर धतकीडीह ए ब्लॉक के शेख नुमान (25), धतकीडीह न्यू डीएस फ्लैट के शेख फैज (23), गोलमुरी मुस्लिम बस्ती के मो. चांद शेख (25), गोलमुरी हिंदू लाइन के शुभम कोहली उर्फ अनमोल कोहरी (20), मो. जुनैद रजा (20) और सबिना कॉलोनी के परवेज आलम (32) के रूप में हुई है.
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, कुल सात जिंदा गोलियां, एक स्कॉर्पियो वाहन, चापड़, भुजाली, चाकू और 22,500 रुपये नकद बरामद किए गए. पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी संगठित आपराधिक वारदात की तैयारी में थे.
सिटी एसपी ने बताया कि सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. गुरुवार को आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है. इस कार्रवाई को जमशेदपुर पुलिस की सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया का उदाहरण बताया जा रहा है.

