
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र की रहने वाली आशिया बेगम से जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि मानगो के आजाद नगर चूना शाह कॉलोनी के रहने वाले अब्दुल सलाम, शगुफ्ता परवीन, शबाना परवीन और शगुफ्ता के ससुर जावेद ने मिलकर आशिया बेगम को एक प्लॉट दिखाया और उसे बेचने का झांसा दिया. विश्वास में लेकर इन चारों ने आशिया से लाखों रुपये ले लिए, लेकिन अब तक न तो जमीन का कागजात दिया गया है और न ही रुपये वापस किए गए हैं.
ठगी का शिकार बनने के बाद जब आशिया ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी और बाद में साफ इनकार कर दिया. पीड़िता ने मामले की लिखित शिकायत गोलमुरी थाना में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी तथ्यों की जांच की जा रही है. पीड़िता से लिए गए बयान और सौदे से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इस मामले ने शहर में जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर हो रही ठगी की घटनाओं को फिर से उजागर कर दिया है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सौदे से पहले वैध दस्तावेजों की जांच करें और पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही लेन-देन करें.
