
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना में घायल कन्हैया यादव की शाम को मौत हो गई. घटना महेश थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई. फायरिंग में गंभीर रूप से घायल कन्हैया यादव को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान बुधवार शाम करीब 7:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया.
कन्हैया यादव की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे. परिजनों के साथ गोलमुरी क्षेत्र के स्थानीय लोग और कई जनप्रतिनिधि गोलमुरी थाना पहुंच गए और थाना परिसर का घेराव किया. प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की. स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ.

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी डीएसपी सुनील कुमार चौधरी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला. उन्होंने आक्रोशित लोगों से वार्ता की और आश्वासन दिया कि फायरिंग की घटना में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी. डीएसपी के आश्वासन के बाद देर शाम प्रदर्शनकारियों ने थाना परिसर छोड़ दिया.
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच तेज कर दी गई है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है. घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.

