
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर बुधवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना में घायल कन्हैया यादव की टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल कायम है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर गोलमुरी क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने कन्हैया यादव पर अचानक फायरिंग कर दी. गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए. फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल कन्हैया यादव को तत्काल इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया गया.
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, भर्ती के समय कन्हैया यादव की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई थी. डॉक्टरों की टीम ने उनकी हालत को देखते हुए गहन उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. बुधवार शाम लगभग 7:30 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस सक्रिय हो गई. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही, प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
दिनदहाड़े थाना के समीप हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और वे इलाके में सख्त पुलिस गश्त की मांग कर रहे हैं.

