
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में बच्चों को निशाना बनाकर ठगी करने वाले एक नए गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है. ताजा मामला टिनप्लेट चौक के पास स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से सामने आया है, जहां बुधवार शाम करीब 4:10 बजे एक व्यक्ति ने बच्चों को झांसा देकर ऑनलाइन माध्यम से करीब चार हजार रुपये की ठगी कर ली.
मिली जानकारी के अनुसार, कुछ बच्चे एटीएम के पास खड़े थे. इसी दौरान एक व्यक्ति वहां पहुंचा और बातचीत के दौरान उन्हें किसी ऑनलाइन प्रक्रिया का झांसा दिया. बच्चों को भ्रमित कर उसने उनसे मोबाइल के जरिए करीब चार हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए. इसके बाद आरोपी एटीएम के अंदर गया और पैसे निकालकर वहां से भागने लगा.
सीसीटीवी फुटेज में घटना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है. फुटेज के अनुसार जब बच्चों को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने आरोपी का विरोध किया, तो वह उन्हें कुछ दूरी तक घसीटते हुए भागने की कोशिश करता नजर आया. इसके बाद आसपास के लोगों के जुटने से आरोपी मौके से फरार हो गया.
घटना की सूचना तत्काल गोलमुरी थाना पुलिस को दी गई. पीड़ित पक्ष ने थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और उदित वाणी के संवाददाता ने पाया कि एटीएम में कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वहां सुरक्षा गार्ड मौजूद होता तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है.

