
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के एनएमएल कॉलोनी गेट के पास एक महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने बैग छिन लिया. घटना की जानकारी पीड़िता रूपाली ने दी. रूपाली टेल्को की रहने वाली हैं. उन्होंने बताया कि वे अपने पति के साथ साकची से निजी काम से लौट रही थीं. जैसे ही वे एनएमएल कॉलोनी गेट के पास पहुँचीं, तभी दो अज्ञात बाइक सवार बदमाश आए और उनके हाथ से जबरन बैग छीन लिया.
पीड़िता के अनुसार, उनके बैग में उनका मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज़ थे. रूपाली ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. घटना की जानकारी मिलते ही गोलमुरी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की गंभीरता से जांच शुरू की. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी संदिग्ध बाइक सवारों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और जनता से भी अपील की है कि यदि किसी ने संदिग्ध व्यक्ति या घटना के बारे में जानकारी हो तो पुलिस को तुरंत सूचित करें. मौके पर जांच कार्य जारी है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

