
उदित वाणी, गिरिडीह : जिले में नक्सल विरोधी अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना पर गिरिडीह एसपी के निर्देश में सीआरपीएफ 154 बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने खुखरा थाना क्षेत्र के पारसनाथ पहाड़ी, भालकी पहाड़ व कानेडीह के समीप नक्सलियों के छुपे खजाने पर छापा मारा. गड्ढों से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद व प्रतिबंधित सामग्री बरामद हुई.
टीम ने 303 बोर की 11 सिंगल शॉट राइफल, .22 राइफल की 9 यूनिट, 6 ग्रेनेड, एक एसएलआर ग्रेनेड प्रोजेक्टर, एक एम्युनिशन बॉक्स, 30 चार्जर क्लिप तथा दो बंडल इलेक्ट्रिक कॉपर वायर जब्त किए. सभी सामग्री विधिसम्मत रूप से कब्जे में ली गई और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई.
अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) व सीआरपीएफ 154 बटालियन के वरीय अधिकारियों ने किया. एसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने का महत्वपूर्ण कदम है. आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे.

