
उदित वाणी, पोटका : आगामी घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को ध्यान में रखते हुए बुधवार को पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग ने रासुनचोपा चेकनाका का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें एक वाहन से 10 लाख 40 हजार रुपये बरामद किए गए. बरामद राशि उड़ीसा से जमशेदपुर लाई जा रही थी.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले दो दिनों में यह दूसरी बड़ी बरामदगी है. इससे पहले 13 अक्टूबर को 12 लाख 28 हजार 400 रुपये बरामद किए गए थे. इस प्रकार अब तक कुल 22 लाख 68 हजार 400 रुपये जब्त किए जा चुके हैं.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों के तहत सभी वाहनों की सघन जांच की जा रही है, ताकि अवैध पैसे या सामग्री का चुनाव प्रक्रिया पर कोई प्रभाव न पड़े.

