उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना पुलिस ने सोमवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. खालिक (35) के रूप में हुई है, जो बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल, मैगजीन, स्प्रिंग, गोली का अग्रभाग, क्षतिग्रस्त गोली, कांटी एक्सट्रैक्टर का टूटा हिस्सा, दो हथोड़ी, एक टूथब्रश, पाना, रेती और स्पोक बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जुगसलाई थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। यह कार्रवाई 20 मई की रात करीब 10:30 बजे की गई, जब मो. खालिक को पीले रंग के झोले के साथ संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह तीन लोगों की गैंग का हिस्सा है, जो मुंगेर से अवैध हथियार लाकर जमशेदपुर और आसपास के जिलों में सप्लाई करता था। इसके अलावा यह गैंग हथियारों की मरम्मत का काम भी करता था।
पुलिस ने बताया कि मो. खालिक के दो अन्य साथी, मो. समर और मो. अफरोज, फरार हैं। उनकी तलाश के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद गैंग के नेटवर्क और अन्य सदस्यों की जानकारी मिल सकेगी।
गिरफ्तार आरोपी मो. खालिक को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि उसे दोषी पाए जाने पर कठोर सजा हो सकती है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास अवैध हथियार है, तो वह बिना देरी किए उसे नजदीकी थाना में जमा कर दें। अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।