
उदित वाणी, कोलाबीरा : गम्हरिया थाना क्षेत्र के सालडीह मोड़ स्थित गोप होटल में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने टीन शेड काटकर होटल में घुसपैठ की और हजारों रुपये नकदी समेत सामान लेकर फरार हो गए. चोरी की यह वारदात होटल मालिक सनातन गोप को बुधवार सुबह तब पता चली, जब उन्होंने होटल खोला और छत टूटी हुई पाई.
CCTV कैमरा भी ले गए चोर
मालिक ने बताया कि चोर होटल के गल्ले में रखी नकदी के अलावा अन्य सामान और सीसीटीवी कैमरा सेट भी अपने साथ ले गए. इससे पूर्व भी होटल में दो बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है.
पुलिस जांच में जुटी, लेकिन भरोसा नहीं
घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. हालांकि स्थानीय दुकानदारों और होटल मालिक में असंतोष है. लगातार तीसरी बार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोग पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं.
लोगों में आक्रोश, दुकानदार असुरक्षित
मुख्य सड़क से सटे इस इलाके में लगातार हो रही चोरियों से स्थानीय दुकानदारों में भय और असुरक्षा का माहौल है. लोगों का कहना है कि जब व्यस्त सड़क के किनारे स्थित होटल तक सुरक्षित नहीं हैं, तो फिर बाकी दुकानों का क्या होगा?

