
उदित वाणी, कोलाबीरा : गम्हरिया थाना अंतर्गत नुवागढ़ पंचायत के बांसलीकोचा में नहर में 15 मई को मिले शव की पहचान करते हुए पुलिस मामले का उद्भेदन कर लिया है. मामले में पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि एक आरोपी फरार है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का छापामारी अभियान जारी है. गम्हरिया थाना में इसकी जानकारी देते हुए एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने बताया कि 15 मई को पुलिस ने बांसलीकोचा नाला से एक अज्ञात शव बरामद किया था. अनुसंधान के क्रम में उसकी पहचान सीनी ओपी के मुरूप निवासी देवानंद प्रधान के रूप में की गयी.
इसके बाद टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गयी, जिसमें आपसी दुश्मनी में उसकी हत्या किये जाने की बात सामने आयी. घटना में चार आरोपी शामिल थे, जिसमें तीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के पास से मृतक का फैशन प्रो मोटर सायकिल, घटना के अंजाम में प्रयुक्त कार सहित दो स्मार्टफोन भी बरामद कर लिया है. गिरफ्तार तीनों अभियुक्त ने अपनी संलिप्तता कबुल कर ली है.

