
उदित वाणी, जमशेदपुर : गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत उल्दा गांव में शनिवार को नशे की लत से जुड़ी एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. गांव निवासी परेस महतो और आशा महतो का इकलौता बेटा जगत महतो उर्फ भोजू (उम्र 28 वर्ष) ने नशे की हालत में घर का कीमती सामान – कपड़े, बर्तन, खटिया, गहने आदि – करीब 50 से 60 हजार रुपए का सामान जला डाला.
जगत महतो ठेकेदारी करता है और शराब की लत में डूबा हुआ है. हर दिन शराब पीकर वह अपने माता-पिता से गाली-गलौज और मारपीट करता है. परिजनों और ग्रामीणों ने कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन शनिवार को नशे में आगजनी की इस घटना ने सभी को चौंका दिया.

घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं, उसके घर पहुंचे और समझाने की कोशिश की. ग्रामीणों ने प्रशासन से नशा मुक्त समाज की मांग करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है.
ज्ञात हो कि दो सप्ताह पूर्व जगत महतो का एक्सीडेंट भी हो चुका है, जिसमें उसे सिर में चोट आई थी और उसकी नई बाइक फिलहाल गालूडीह थाना में जब्त है. उस बाइक को भी उसने लोन पर लिया था.
ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ सरकार और प्रशासन नशा मुक्ति अभियान चला रहा है, वहीं दूसरी ओर गांव-गांव में शराब खुलेआम बिक रही है. ऐसे में प्रशासन को इस पर कठोर कदम उठाने की आवश्यकता है.

