
उदित वाणी, जमशेदपुर : गालूडीह थाना क्षेत्र के उलदा पंचायत की उप मुखिया शा रानी महतो के पति एवं प्रज्ञा केंद्र संचालक तारापद महतो की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. इस कांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान निवास कुमार दुबे उर्फ छोटू दुबे के रूप में हुई है, जिसे उलीडीह थाना क्षेत्र से दबोचा गया.
पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल, तीन जिंदा गोली और लाल-काले रंग की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसका इस्तेमाल वारदात में किया गया था. इस संबंध में ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में विस्तृत जानकारी दी.
ग्रामीण एसपी ने बताया कि तारापद महतो हत्याकांड में संलिप्त एक अभियुक्त के उलीडीह थाना क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली थी. इसके बाद एसएसपी, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी के निर्देश पर घाटशिला एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. छापेमारी के दौरान आरोपी को उसके ससुराल, उलीडीह थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया.
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हत्या का कारण जमीन विवाद था. इस मामले में अब तक तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इससे पूर्व पुलिस ने एमजीएम थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास चेकिंग अभियान के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था.
ग्रामीण एसपी ने यह भी बताया कि इस हत्याकांड में शामिल एक अन्य वांछित अभियुक्त की तलाश जारी है. पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ ठोस साक्ष्य जुटाए गए हैं, ताकि उन्हें कड़ी सजा दिलाई जा सके.

