
उदितवाणी, गालूडीह: गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत 79 डिसमिल जमीन को लेकर वनमाली महतो और राजकिशोर साहू के बीच बुधवार को जमकर विवाद हो गया. मामला उस समय गरमा गया जब भूमि मापी की प्रक्रिया के दौरान दोनों पक्षों में बहस और आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए.
प्रशासन पहुंचा मौके पर, मापी की तिथि टली
विवाद की सूचना मिलते ही अंचल निरीक्षक सुरेश राम और राजस्व कर्मचारी सुरेश रजक मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. लेकिन दोनों पक्ष अपनी-अपनी दावेदारी पर अड़े रहे, जिससे तनावपूर्ण माहौल बन गया.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने मापी की प्रक्रिया स्थगित कर दी और अब यह कार्य 6 अगस्त को किया जाएगा. उस दिन राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल की उपस्थिति में मापी कार्य करेगी ताकि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो और मापी निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके.
स्थानीय लोग भी हुए चिंतित
इस विवाद को लेकर स्थानीय निवासियों में भी चिंता का माहौल है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जमीन विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जाए, जिससे क्षेत्र में शांति और सौहार्द बना रहे.

