
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना पुलिस ने भुइयांडीह के छायानगर ह्यूमपाइप क्षेत्र में तीन दिनों के भीतर दो अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं का सफल उद्भेदन किया है. पुलिस ने इस मामले में पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनमें ह्यूमपाइप इंद्रानगर निवासी गुर्जर भुइयां, गौरव भुइयां उर्फ चोटी भुइयां, घोल्टू भुइयां, सोनू भुइयां और गणेश भुइयां शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और इनके खिलाफ सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में चोरी, लूट, गृहभेदन और ट्रेलर गाड़ी के तार काटने जैसे कई मामले दर्ज रह चुके हैं. यह सभी आरोपी पूर्व में जेल जा चुके हैं और करीब दो से तीन माह पूर्व ही जेल से छूटने के बाद एक बार फिर चोरी की वारदातों में संलिप्त हो गए थे.
गौरतलब है कि सीतारामडेरा थाना में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थीं. इनमें तीन दिनों के भीतर एक गैरेज और एक फर्नीचर दुकान में चोरी की घटनाएं शामिल थीं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल था. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए थाना स्तर पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था.
तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उनकी निशानदेही पर चोरी गए सामानों की भी बरामदगी की गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में हुए तीनों चोरी मामलों का उद्भेदन हो गया है. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है और यह भी जांच की जा रही है कि इन आरोपियों का संबंध किसी अन्य चोरी गिरोह से तो नहीं है.

