
उदित वाणी,जमशेदपुर : शहर की पुलिस को सीतारामडेरा के कारोबारी हरेराम सिंह के घर पर हुई फायरिंग मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रिंस खान–सुजीत सिन्हा गिरोह के दो शूटर राजेश और कुंडू को कदमा के शास्त्री नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से फरार थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ये कदमा इलाके में छिपे हैं। इसके बाद देर रात छापेमारी कर दोनों को दबोच लिया गया। पुलिस अब इनसे गिरोह के अन्य सदस्यों और रंगदारी नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।
इससे पहले पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े आकाश सिंह और दशरथ शुक्ला को भी गिरफ्तार किया था। दशरथ ने पूछताछ में खुलासा किया था कि हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग की साजिश जेल में बैठे गैंगस्टर सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान के इशारे पर रची गई थी ताकि रंगदारी वसूली जा सके।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2019 में दशरथ शुक्ला की घाघीडीह जेल में सुजीत सिन्हा से मुलाकात हुई थी। इसके बाद वह गिरोह से जुड़ गया और रांची-जमशेदपुर में रंगदारी वसूलने का काम करने लगा। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। दोनों गिरफ्तार शूटरों पर आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और आपराधिक षड्यंत्र के तहत मामला दर्ज किया गया है।

