
उदित वाणी, चांडिल : नीमडीह थाना क्षेत्र के पारगामा पंचायत अंतर्गत चुनचुरिया गांव के जामडीह टोला स्थित तालाब मोड़ पर गुरुवार सुबह करीब 11 बजे एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार धनंजय दास (निवासी – बेलडीह, थाना बोड़ाम, जिला पूर्वी सिंहभूम) की मौत हो गई. वह अपनी पत्नी को लेने कुकड़ू जा रहे थे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घुमावदार सड़क पर कुकड़ू दिशा से आ रहा एक खाली डंपर अचानक नियंत्रण खो बैठा और विपरीत दिशा से आ रहे धनंजय की बाइक को रौंद दिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलने पर मृतक की पत्नी अपने दो बच्चों और पिता के साथ मौके पर पहुंची और रो-रोकर बेहाल हो गई. मृतक के चार बच्चे हैं.
नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया. उन्होंने बताया कि फरार डंपर का नंबर चिन्हित कर लिया गया है और परिवहन विभाग से उसका विवरण प्राप्त किया जा रहा है. दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी तथा मृतक के आश्रितों को व्हीकल एक्ट के तहत मुआवजा दिलाया जाएगा.
उल्लेखनीय है कि इसी स्थान से लगभग सौ फीट की दूरी पर एक सप्ताह पूर्व भी सड़क हादसे में एक युवक की मृत्यु हो चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों में प्रशासनिक लापरवाही को लेकर आक्रोश व्याप्त है.

