
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जहाँ देर रात एक ही घर में दो विपरीत घटनाएं घटीं—एक ओर परिवार का सदस्य जीवन-मृत्यु से जूझ रहा था, वहीं दूसरी ओर उसी घर को चोरों ने निशाना बना डाला। घटना स्वरूप कुमार विश्वास के आवास की है, जहाँ उनके बड़े भाई को देर रात अचानक दिल का दौरा पड़ा। पूरे परिवार ने उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जब वे सुबह घर लौटे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
स्वरूप कुमार विश्वास ने बताया कि उनके बड़े भाई को रात करीब दो बजे हार्ट अटैक आया था। घर में अफरा-तफरी मच गई और वे सभी तुरंत उन्हें लेकर अस्पताल भागे। चूंकि स्थिति गंभीर थी, इसलिए परिवार के सभी सदस्य अस्पताल में ही रुके। इस दौरान घर पूरी तरह खाली था।
जब शनिवार की सुबह वे अस्पताल से घर लौटे, तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पड़ा है। घर के अंदर का नज़ारा भयावह था—सारा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था, अलमारियाँ खुली थीं और कीमती सामान गायब थे। स्वरूप विश्वास ने बताया कि घर से एक चार पहिया वाहन (कार), सोने-चांदी के जेवरात और नगद रकम चुरा ली गई है। चोरी की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना उन्होंने तुरंत बिरसानगर थाने जाकर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदेह के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
बिरसानगर थाना प्रभारी ने बताया कि यह चोरी सुनियोजित प्रतीत होती है, चोरों को घर खाली होने की पहले से जानकारी थी। यह भी संभव है कि किसी जानने वाले ने घर की स्थिति की जानकारी चोरों को दी हो। मामले की हर पहलु से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

