
उदित वाणी, आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावाँ जिला के उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देशानुसार एवं अधीक्षक उत्पाद, सरायकेला के निदेश पर उत्पाद विभाग की टीम के द्वारा सोमवार की देर रात आदित्यपुर थाना अंतर्गत सुधा डेयरी (डीवीसी मोड़) तथा मंगलवार को सरायकेला थाना अंतर्गत ग्राम सिंहपुर में सघन छापामारी की गई.
छापामारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम के द्वारा सुधा डेयरी (डीवीसी मोड़) के पास स्थित कृष्णदेव यादव के ढाबा से तथा ग्राम सिंहपुर के किराना दुकानदार अरुण महतो के किराना दुकान से से अवैध विदेशी शराब (किंग गोल्ड) बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 1.86 लीटर पाई गई. वहीं, दोनों अवैध शराब कारोबारियों को घटनास्थल से गिरफ्तार किया गया.
उत्पाद विभाग की टीम के द्वारा उक्त कार्रवाई अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध की जा रही छापामारी अभियान के क्रम में की गई. गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधि सम्मत उत्पाद अधिनियम के तहत अग्रतर कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में अग्रसारित किया गया है.
जिला के उत्पाद अधीक्षक द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिला में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी रोकथाम हेतु नियमित एवं सघन छापामारी अभियान आगे भी जारी रहेगी और इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़े विधिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. छापामारी दल में अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार, प्रतिनियुक्त सहायक अवर निरीक्षक सौदागर पंडित, प्रतिनियुक्त गृह रक्षक दिनेश सरदार एवं अन्य संबंधित कर्मी शामिल थे.

