
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के नीलडीह में काम के दौरान दो मंजिला से गिरने से बिजली मिस्त्री की मौत हो गई. मृतक की पहचान चाईबासा निवासी अनिल सिंकू (33 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना दो दिन पहले की बताई जा रही है, लेकिन इसकी जानकारी परिजनों को बुधवार को मिली, जब खोजबीन के बाद वे टीएमएच पहुंचे और शव की पहचान की.
जानकारी के मुताबिक, अनिल सिंकू ठेकेदार प्रभात सिंह के अधीन बिजली मिस्त्री के रूप में काम करता था. वह टेल्को के नीलडीह में किराए के मकान में रहता था. बताया गया है कि कार्य के दौरान वह दो मंजिला संरचना से नीचे गिर गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. हादसे की सूचना किसी ने परिवार को नहीं दी. परिजन लगातार संपर्क करने की कोशिश करते रहे, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने खोज शुरू की. बुधवार को टीएमएच में शव देखकर उन्होंने पहचान की.
बुधवार की रात करीब आठ बजे परिजन टेल्को थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी. थानेदार प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि अनिल प्रभात सिंह के अधीन निजी ठेके पर बिजली कार्य कर रहा था. हालांकि, वह कैसे गिरा, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है.
पुलिस ने ठेकेदार से पूछताछ शुरू की है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. शव का गुरुवार तक पोस्टमार्टम नहीं हो सका है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा. फिलहाल मामले में अस्पष्ट परिस्थितियों में हुई मौत के रूप में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है.

