
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 5 स्थित जयप्रभा कॉलोनी में बुधवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला मनी झा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका अपनी बेटी के घर पर रहती थीं. पति का निधन पहले ही हो चुका था, जिसके बाद वे बेटी के साथ ही जीवन व्यतीत कर रही थीं.
परिजनों के अनुसार मनी झा पिछले कई महीनों से बीमार थीं और उनका इलाज टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) में चल रहा था. बुधवार को ही डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी देकर घर लाया गया था. शाम में उन्होंने परिवार के साथ सामान्य रूप से खाना खाया और फिर सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए.
रात में जब परिजन किसी काम से उनके कमरे में पहुंचे, तो दरवाजा खुला पाया. अंदर जाकर देखा तो वे अपनी साड़ी के पल्लू से फंदा बनाकर पंखे से लटकी हुई थीं. यह दृश्य देखकर परिजन स्तब्ध रह गए. उन्होंने तुरंत वृद्धा को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी.
कदमा थाना पुलिस दल तुरंत मौके पर पहुंचा और मृतका को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
गुरुवार को पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की औपचारिकता पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है. परिजनों का कहना है कि लंबे समय से जारी बीमारी के कारण वह मानसिक तनाव में थीं.
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. घटना से कॉलोनी में शोक का माहौल व्याप्त है.

