
उदित वाणी, जमशेदपुर : पोटका थाना अंतर्गत खड़ियासाई गांव की 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला गौरी मुंडा की एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बीते 23 नवंबर की शाम वह अपने आंगन में अलाव ताप रही थीं. इसी दौरान हवा के तेज बहाव में उनकी साड़ी आग की लपटों की चपेट में आ गयी. कुछ ही क्षणों में पूरा कपड़ा जलने लगा और वे गंभीर रूप से झुलस गयीं.
घटना के बाद परिवार वालों ने शोर मचाया और आसपास के लोग मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत उन्हें एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को गंभीर बताया. लगभग 60 प्रतिशत से अधिक झुलसने के कारण डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में लगी रही.
तीन दिनों तक उपचार चलने के बाद 26 नवंबर की देर रात बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया. परिजनों ने बताया कि गौरी मुंडा गांव में अपने परिवार के साथ रहती थीं और सर्दी के कारण रोजाना शाम को घर के बाहर अलाव तापने की आदत थी. घटना वाले दिन भी वह सामान्य रूप से अलाव जला कर बैठी थीं, तभी उनकी साड़ी आग की चपेट में आ गई.
गुरुवार को पुलिस ने पूरे मामले में पंचनामा तैयार कर शव का पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया. परिवार ने बताया कि आज ही गांव के श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा.

