
उदितवाणी, पटमदा : पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत लछीपुर पंचायत के चाड़रीकोल गांव की 62 वर्षीय जीरा मांडी पर शुक्रवार की दोपहर एक युवक ने लाठी से जानलेवा हमला कर दिया. घटना उस समय हुई जब महिला नहाने के लिए पास के जलाशय ‘जुड़िया’ गई हुई थी. आरोपी ने महिला को अकेला पाकर बुरी तरह पीटा और उसे अधमरा समझ कर घटनास्थल से फरार हो गया.
गंभीर हालत में एमजीएम रेफर
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के पुत्र नगेन मांडी ग्रामीणों की मदद से बेहोशी की हालत में अपनी मां को निजी वाहन से पटमदा थाना ले गए. वहां से पुलिस ने तत्काल माचा स्थित सीएचसी अस्पताल भेजा. प्राथमिक इलाज के बाद महिला की स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया.
हमलावर की पहचान और पुलिस कार्रवाई
नगेन मांडी ने आरोप लगाया है कि उनकी मां पर गांव के ही गुर्जा मांडी ने हमला किया. घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है.
गांव में भय का माहौल
घटना के बाद चाड़रीकोल गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने मांग की है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

