
उदित वाणी, जमशेदपुर : सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर पूर्वी सिंहभूम जिले के परसूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटा गादडा गांव में अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया. उत्पाद विभाग की टीम ने जीर्ण-शीर्ण पक्के भवन में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब सहित अन्य सामग्री बरामद की है.
इस कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने लगभग 400 लीटर रंगीन शराब, करीब 2685 लीटर विदेशी शराब, 1000 पिस विभिन्न ब्रांड के ढक्कन, 5 बंडल रैपर, 5 बंडल विभिन्न ब्रांड के कार्टून, और 10 लीटर कैरेमल जब्त किया. इस फैक्ट्री में शराब की पैकिंग व भंडारण के साथ-साथ ब्रांड के नाम पर मिलावट कर अवैध तरीके से बिक्री की तैयारी की जा रही थी.
टीम में निरीक्षक उत्पाद श्री रामदास भागत, अवर निरीक्षक उत्पाद मो. गुफरान, प्रतिनियुक्त सहायक अवर निरीक्षक और प्रतिनियुक्त गृह रक्षक शामिल थे. उन्होंने बताया कि संलिप्त अभियुक्तों की पहचान कर सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया जा रहा है.
सहायक आयुक्त उत्पाद ने कहा कि यह कार्रवाई अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने और आम जनता को स्वास्थ्य एवं सुरक्षा की दृष्टि से सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसी अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और जुर्म में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

