
उदित वाणी, धालभूमगढ़ : धालभूमगढ़ प्रखंड के गजानन फिरो कंपनी द्वारा निर्मित पावर प्लांट में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा घट गया. चिमनी निर्माण के दौरान करीब 40 फीट की ऊंचाई से लिफ्ट के पलटने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई.
घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के शारदा हेडी गांव निवासी सादिक (पिता: सुलेमान, उम्र: 22-23 वर्ष) और इस्तकार (पिता: आस मोहम्मद, उम्र: 25 वर्ष) के रूप में हुई है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पावर प्लांट की चिमनी में सेरेमिक ब्रिक लाइनिंग का कार्य चल रहा था. तीन मजदूर ईंटें लादे लिफ्ट से ऊपर जा रहे थे, तभी लिफ्ट में तकनीकी खराबी आ गई. वह असंतुलित होकर पलट गई. एक मजदूर ने किसी तरह लिफ्ट के तार को पकड़कर अपनी जान बचा ली, लेकिन सादिक और इस्तकार 40 फीट नीचे गिर पड़े. गंभीर चोटिलाग्नि के कारण दोनों की मौत हो गई.
हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची. पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पावर प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई. मजदूरों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है. सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल उठने लगे हैं.

