
उदित वाणी, जमशेदपुर : आदित्यपुर रेलवे स्टेशन में पदस्थापित डिप्टी चीफ टिकट इंस्पेक्टर (सीटीआई) प्रेम लता (52) का सोमवार रात संदिग्ध हालात में निधन हो गया. घटना रात करीब 10 बजे की है. खाना खाने के बाद जब वे कुर्सी पर बैठी थीं, तभी अचानक उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी. यह देख पति अनिल कुमार पोद्दार तुरंत कार निकालने बाहर गए. कुछ ही मिनटों में लौटे तो प्रेम लता बेसुध पड़ी थीं और उनके मुंह से झाग निकल रहा था.
रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी निवासी अनिल कुमार ने तत्काल एक निजी सुरक्षाकर्मी की मदद से पत्नी को टीएमएच अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. अनिल कुमार के मुताबिक, प्रेम लता को किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं थी. ऐसे में उनका अचानक निधन परिवार के लिए बेहद चौंकाने वाला है.
इधर, कागजी प्रक्रिया के बाद बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों के सुपुर्द कर दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा.
प्रेम लता के असामयिक निधन से रेलवे के कमर्शियल विभाग और चेकिंग स्टाफ में शोक की लहर है. सहकर्मियों ने उन्हें एक कर्मठ और सहयोगी अधिकारी के रूप में याद किया. मृतका की दो बेटियां हैं, जो दक्षिण भारत में पढ़ाई कर रही हैं. घटना के वक्त घर में केवल पति-पत्नी ही मौजूद थे. बेटियों को सूचना दे दी गई है और वे जल्द ही शहर पहुंचेंगी.

