
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली थाना क्षेत्र के डेमडुबी इलाके में बुधवार को हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया. गैलेक्सी पब्लिक स्कूल का चार वर्षीय छात्र उस्मान गनी खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से अकाल मौत का शिकार हो गया.
परिजनों के मुताबिक, बच्चा अपनी दादी के घर गया था. वहां किसी को न पाकर वह अकेला घर लौटने लगा. इसी दौरान घर के पास निर्माणाधीन स्थल पर खुले पड़े सेप्टिक टैंक में उसका पैर फिसल गया और वह सीधे उसमें जा गिरा. टैंक में बारिश का पानी भरा हुआ था, जिसमें डूबने से मासूम की मौत हो गई.
करीब आधे घंटे तक किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी. बाद में परिजनों और स्थानीय लोगों को शक होने पर खोजबीन शुरू हुई. कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को टैंक से बाहर निकालकर टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर फैलते ही परिवार पर जैसे दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया.
लापरवाही बनी हादसे की वजह
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह सेप्टिक टैंक पिछले छह महीने से बिना ढका पड़ा था. ठेकेदार और निर्माण कार्य से जुड़े जिम्मेदार लोगों ने इसे ढकने की कोई व्यवस्था नहीं की थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ. गुस्साए लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन और ठेकेदार की लापरवाही के कारण एक मासूम की जान गई है.
कार्रवाई और सख्त कदम की मांग
इसी को लेकर मोहल्ले में आक्रोश देखा गया. लोगों ने मांग की है कि इलाके में खुले पड़े सभी सेप्टिक टैंक और गड्ढों को तुरंत ढका जाए ताकि इस तरह की घटना दोबारा न हो. साथ ही प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की अपील की गई है.
सुरक्षा इंतजाम सवालों के घेरे में
यह हादसा इलाके में सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते लापरवाही पर रोक लगाई जाती तो मासूम की जिंदगी बच सकती थी. अब लोगों की राय है कि इस घटना को सबक मानते हुए प्रशासन को भविष्य में ठोस कदम उठाने होंगे.

