
उदित वाणी, जमशेदपुर : दिल्ली पुलिस ने रांची एटीएस के सहयोग से जमशेदपुर के गोलमुरी सहित विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर तीन युवकों को हिरासत में ले लिया. यह कार्रवाई दिल्ली एयरपोर्ट से दो अलग-अलग पासपोर्ट के जरिए विदेश यात्रा के आरोप में गिरफ्तार गोलमुरी निवासी एक युवक की निशानदेही पर की गई.
दिल्ली पुलिस की टीम रांची एटीएस के साथ गोलमुरी थाना क्षेत्र के टुइलाडुंगरी, साकची, गोलमुरी और कपाली इलाकों में पहुंची. गोलमुरी के टुइलाडुंगरी और मुस्लिम बस्ती के बीच स्थित एक गली में किराए के मकान पर छापा मारा गया, जहां अब्दुल गनी समेत तीन युवकों को हिरासत में लिया गया. तलाशी में कमरे से कुछ संदिग्ध अफगानी दस्तावेज भी बरामद हुए.

तीनों युवकों को गोलमुरी थाने ले जाकर गहन पूछताछ की गई. देर रात पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें नोटिस जारी कर छोड़ दिया और लिखित जवाब तलब किया. उधर, दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार मुख्य आरोपी युवक को पुलिस अपने साथ किसी सुरक्षित स्थान पर ले गई.
गोलमुरी निवासी युवक पर दो पासपोर्ट से विदेश यात्रा का आरोप
पुलिस के अनुसार, एयरपोर्ट से पकड़ा गया युवक गोलमुरी का निवासी है, जो पिछले कुछ महीनों से तीन साथियों के साथ टुइलाडुंगरी में किराए के मकान पर रह रहा था. करीब दो माह पहले वह अफगानिस्तान सहित कई अरब देशों की यात्रा कर दिल्ली लौटा था. जांच में उसने पहले अफगानिस्तान का पासपोर्ट दिखाया, लेकिन सख्ती पर भारत का पासपोर्ट भी प्रस्तुत किया. इससे फर्जी दस्तावेजों से विदेश यात्रा और अफगान पासपोर्ट प्राप्त करने का मामला सामने आया.
पूछताछ में आरोपी ने गोलमुरी ठिकाने और साथियों की जानकारी दी, जिसके आधार पर छापेमारी हुई. पुलिस को अन्य संदिग्धों के ठिकानों की भी सूचना मिली है, जिनकी तलाश जारी है. मामले की गहराई से जांच चल रही है.

