
उदित वाणी, जमशेदपुर : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में हुए एक सनसनीखेज वारदात ने जमशेदपुर और देहरादून -दोनों शहरों के व्यापारिक व सामाजिक हलकों को झकझोर दिया है. जमशेदपुर के निवासी कारोबारी सह समाजसेवी विक्रम शर्मा की सिल्वर सिटी मॉल परिसर में शुक्रवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या में शामिल तीन युवकों की पहचान अक्षय, विशाल और आशुतोष के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी में तीनों का संबंध बागबेड़ा क्षेत्र से बताया जा रहा है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देहरादून पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है.
जांच एजेंसियों का कहना है कि मामले की तह तक पहुंचने के लिए हर कोण से पड़ताल की जा रही है. व्यावसायिक रंजिश, आपराधिक दुश्मनी और स्थानीय नेटवर्क -इन सभी पहलुओं को जांच के दायरे में रखा गया है. इसी क्रम में पुलिस ने विक्रम शर्मा के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है, ताकि घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा सके.
बताया जाता है कि विक्रम शर्मा अमन विहार क्षेत्र के निवासी थे और स्टोन क्रशर व्यवसाय से जुड़े थे. उनकी हत्या की खबर फैलते ही जमशेदपुर में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया, वहीं देहरादून के कारोबारी वर्ग ने भी घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है.
सूत्रों के मुताबिक, संदिग्धों के तार जमशेदपुर से जुड़े आपराधिक तत्वों से जुड़ने की आशंका के मद्देनज़र देहरादून पुलिस की एक विशेष टीम झारखंड रवाना की गई है. यह टीम जमशेदपुर पहुंचकर स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करेगी और आरोपियों की धरपकड़ के लिए संयुक्त रणनीति पर काम करेगी.
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर जांच तेजी से आगे बढ़ रही है. दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा.

