
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में दीपावली की रात हुई दीपक विभार की हत्या लव ट्रायंगल का परिणाम थी. दीपक ने अपने दोस्त की प्रेमिका से फोन पर बातचीत शुरू की थी और उसे पटाने की कोशिश की. युवती के मना करने पर दीपक ने उससे अभद्र भाषा में बात की. यह बात युवती ने अपनी सहेली को बताई, जो मुख्य आरोपी अशोक यादव की प्रेमिका थी. सहेली ने अशोक से शिकायत की कि दीपक ने उसकी दोस्त से बदतमीजी की है और उसे सबक सिखाया जाए.
इसके बाद अशोक यादव दीपक को सबक सिखाने की फिराक में घूमने लगा. 20 अक्टूबर की रात उसे दीपक भुइयांडीह कान्हू भट्ठा के पास जुए के अड्डे पर मिल गया. अशोक के पास देशी पिस्टल और उसके साथी प्रेम यादव के पास देशी रिवॉल्वर थी. अशोक ने दीपक को ललकारा और कहा कि वह उसकी प्रेमिका की सहेली से दूर रहे. दीपक के विरोध करने पर अशोक ने पहले हवाई फायर किया और फिर गुस्से में दीपक के सीने पर गोली दाग दी. प्रेम यादव ने घटनास्थल पर कई राउंड हवाई फायरिंग की. गंभीर रूप से घायल दीपक की बाद में अस्पताल में मौत हो गई.
जांच में पता चला कि दीपक अपने दोस्त के पुराने सिम से युवती से बात करता था, जिससे गलतफहमी पैदा हुई. पुलिस ने केस दर्ज कर मुख्य आरोपी अशोक यादव को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. बाद में रिमांड पर पूछताछ के दौरान उसने प्रेम यादव और रौशन यादव का नाम बताया. गुप्त सूचना पर पुलिस ने बाबूडीह कब्रिस्तान इलाके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
रौशन की निशानदेही पर भूईयांडीह डंपिंग यार्ड और स्वर्णरेखा नदी किनारे से हत्या में प्रयुक्त देशी पिस्टल, रिवॉल्वर, दो मैगजीन और सात कारतूस बरामद किए गए. डीएसपी हेडक्वार्टर-1 भोला प्रसाद सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है.

