
उदित वाणी, जमशेदपुर : चांडिल अनुमंडल के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के देवलटांड़ गांव स्थित गोपाल तालाब से गुरुवार को एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. तालाब में शव तैरते देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत ईचागढ़ थाना को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बजरंग महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को तालाब से बाहर निकलवाया गया.
मृतक की पहचान बासाहातु टोला रोगली निवासी करीब 50 वर्षीय नर्सिंग पातर के रूप में हुई. पुलिस ने परिजनों को घटनास्थल पर बुलाकर शव की शिनाख्त कराई. पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं निभाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया.
थाना प्रभारी बजरंग महतो ने बताया कि नर्सिंग पातर होटल सहित अन्य स्थानों पर काम कर अपना गुजर-बसर करता था. उन्होंने बताया कि मृतक की मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं रहती थी और वह लंबे समय से परिवार से अलग रहकर अकेले जीवन व्यतीत कर रहा था. उसका कोई बाल-बच्चा भी नहीं था. ग्रामीणों के अनुसार मृतक को अक्सर गांव और आसपास के इलाकों में अकेले घूमते देखा जाता था.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नर्सिंग पातर की मौत दो से चार दिन पूर्व हुई होगी और संभवतः तालाब में डूबने से उसकी जान गई. हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल किसी तरह की चोट या संघर्ष के स्पष्ट निशान सामने नहीं आए हैं. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है.

