
उदित वाणी, जामताड़ा : जिले में साइबर अपराधियों की गतिविधियां लगातार गंभीर रूप ले रही हैं. ताजा मामले में ठगों की हिम्मत इस कदर बढ़ गई कि उनकी नजर जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता के बैंक खातों पर पड़ गई.
मंगलवार को साइबर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी राजकुमार मेहता ने खुद बताया कि उन्हें साइबर ठगों ने फोन किया. कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए YONO SBI ऐप में तकनीकी खराबी का हवाला देकर ऐप चालू कराने के नाम पर ठगी की कोशिश की. सतर्क एसपी बाल-बाल बच गए.
एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई कर YONO SBI के नाम पर ठगी की साजिश रच रहे चार अपराधियों को गिरफ्तार किया. यह गिरफ्तारी कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के लखनुडीह पेट्रोल रोड के पास बॉस झुंड में हुई.
गिरफ्तार अपराधी
– इब्राहिम अंसारी (ग्राम पांडेडीह, थाना अहिल्यापुर, जिला गिरिडीह)
– हुसैन अंसारी (26 वर्ष, पिता मारूं बकसू मिया)
– शाकिर अंसारी उर्फ लालू (पिता शाहिद मियां)
– सिराज अंसारी (पिता शाहिद मियां)
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे YONO SBI ऐप के बहाने लोगों को ठगते थे. एसपी ने बताया कि नारायणपुर और कर्माटांड़ क्षेत्र के ये अपराधी नई तकनीकों से देशभर में ठगी कर रहे थे. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और बैंक को सूचित किया जाएगा.
जनता से अपील
एसपी ने आम लोगों से कहा कि अनजान व्यक्ति के लिंक या ऐप फाइल न खोलें, वरना खाता खाली हो सकता है. संदिग्ध कॉल की सूचना पुलिस को दें.

