
उदित वाणी जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के परमानंद नगर निवासी तरूण कुमार साइबर ठगी का शिकार हो गए। बदमाशों ने बैंक खाते का केवाईसी कराने के नाम पर उनके एसबीआई खाते से 1.25 लाख रुपये उड़ा लिए।
जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर की शाम तरूण कुमार के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का अधिकारी बताया और कहा कि खाते का केवाईसी तुरंत कराना होगा, अन्यथा खाता बंद कर दिया जाएगा। फोन पर बात करने का अंदाज इतना विश्वास दिलाने वाला था कि पीड़ित को शक नहीं हुआ और वे झांसे में आ गए।
तरूण कुमार ने बताया कि बदमाश ने उन्हें चरणबद्ध तरीके से गाइड किया और ओटीपी भी हासिल कर लिया। इसके तुरंत बाद उनके खाते से 1.25 लाख रुपये की निकासी हो गई। घटना का एहसास होने पर उनके होश उड़ गए।
पीड़ित ने 20 सितंबर को उलीडीह थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए दो मोबाइल नंबर – 8863936714 और 6909557527 – के आधार पर जांच शुरू की है। प्रारंभिक जांच में संदेह है कि ये नंबर फर्जी आईडी से जारी किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर सेल की मदद से ट्रांजेक्शन और मोबाइल लोकेशन खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही ठगों तक पहुंचने की उम्मीद है।

