
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में अपराध की घटनाओं से नागरिकों में दहशत का माहौल बनता जा रहा है. अपराधी बेखौफ होकर पुलिस को खुली चुनौती देते नजर आ रहे हैं. कभी थाना के समीप हत्या जैसी सनसनीखेज वारदात हो रही है, तो कभी दिनदहाड़े छिनतई की घटनाएं सामने आ रही हैं. ताज़ा मामला सोनारी थाना क्षेत्र के कागलनगर बड़तल्ला का है, जहां गुरुवार को दिनदहाड़े एक महिला से सोने की चेन छीन ली गई.
जानकारी के अनुसार, जयश्री बोस नामक महिला कचरा फेंककर घर लौट रही थीं, तभी बाइक सवार अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए. घटना के दौरान झपट्टामारी में महिला के गले में गंभीर खरोंचें आई हैं. पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं. गौरतलब है कि एक दिन पूर्व ही गोलमुरी थाना से कुछ कदम की दूरी पर अपराधियों ने एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी. लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से शहरवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.

