
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर और उसके आसपास के इलाकों में गायों की तस्करी का एक नया और चौंकाने वाला तरीका सामने आया है. गौ तस्कर अब लावारिस और सड़क किनारे घूमने वाली गायों को लग्जरी कारों में भरकर ले जा रहे हैं, ताकि किसी को शक न हो सके. यह सिलसिला लगातार जारी है, जिससे शहरवासियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
ताजा मामला गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती का है, जहां एक गाय के अचानक गायब होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. जब स्थानीय लोगों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, तो पूरी वारदात कैमरे में कैद मिली. फुटेज में साफ देखा गया कि गौ तस्कर पहले गाय को खाने का लालच देकर अपने पास बुलाते हैं, फिर जबरन उसे कार में ढकेलकर बैठा लेते हैं और कुछ ही देर में वहां से फरार हो जाते हैं. इस पूरी घटना को बेहद शातिराना तरीके से अंजाम दिया गया.
बताया जा रहा है कि इससे पहले सोनारी इलाके में भी इसी तरह गायों की चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक उन मामलों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं.
इधर, भाजपा जमशेदपुर महानगर के प्रवक्ता प्रेम झा ने अपने ट्विटर हैंडल से सीसीटीवी फुटेज साझा करते हुए इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि अंधेरे का फायदा उठाकर प्रातःकाल गोलमुरी के नामदा बस्ती क्षेत्र से गाय की चोरी कर तस्करी के उद्देश्य से ले जाया गया है, जो बेहद गंभीर और हतप्रभ करने वाली घटना है. उन्होंने दावा किया कि शहर के अन्य क्षेत्रों से भी ऐसी सूचनाएं मिल रही हैं.
प्रेम झा ने ट्विटर के माध्यम से झारखंड पुलिस, जिला प्रशासन, एसएसपी जमशेदपुर और भाजपा के वरीय नेताओं को टैग करते हुए जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में तत्काल संज्ञान लिया जाए और गौ तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए.

