
उदित वाणी, जमशेदपुर : भोर की पहली किरण फूटने से पहले ही शहर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव पर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब गौ तस्करी में संलिप्त एक बोलेरो वाहन को नई गौ रक्षक समिति के जागरूक सदस्यों ने अपने साहस और सतर्कता से पकड़ लिया। यह घटना मंगलवार तड़के लगभग 3 बजे ब्रह्म मुहूर्त में घटी, जब गौ तस्करों का गिरोह 10 गौ माताओं को अवैध रूप से एक महिंद्रा बोलेरो वाहन में ठूंस-ठूंस कर भरकर ले जा रहा था।

सूचना मिलते ही नई गौ रक्षक समिति के सक्रिय सदस्य मरीन ड्राइव पर स्थित गैस गोदाम के पास पहुंच गए और घेराबंदी कर दी। जैसे ही वाहन को रुकने का इशारा किया गया, चालक ने भागने की कोशिश की, जिसके चलते अनियंत्रित बोलेरो वाहन सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में सभी गौ माताएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
गिरफ्तारी के बाद मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए। घायल गौ माताओं को समिति के सदस्यों ने तत्परता से इलाज के लिए निकटवर्ती गोशाला एवं पशु चिकित्सालय भिजवाया। इसके पश्चात पकड़े गए तस्कर, बोलेरो वाहन और गौ माताओं को कदमा थाना ले जाया गया, जहां गौ तस्करों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घटना के समय नई गौ रक्षक समिति के कई सक्रिय सदस्य मौके पर उपस्थित थे, जिनमें प्रमुख रूप से समिति के कार्यकर्ता व स्थानीय हिंदूवादी नेता द्विपल बिस्वास, आदित्य वर्मा, राहुल दुबे, बलराम जी, चिंटू सिंह एवं समाजसेवी बृजेश सिंह उर्फ मुन्ना विशेष रूप से शामिल थे। इन्होंने संयुक्त रूप से पुलिस प्रशासन से मांग की कि घायल गौ माताओं के समुचित इलाज और पुनर्वास की व्यवस्था की जाए एवं तस्करों पर कठोरतम कार्रवाई हो।
इस दौरान थाना परिसर में हिंदू संगठनों व समिति के सदस्यों की सक्रियता देखने को मिली। स्थानीय नागरिकों ने समिति के कार्य की सराहना करते हुए प्रशासन से अनुरोध किया कि मरीन ड्राइव जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक लग सके।
थाना प्रभारी का बयान:
कदमा थाना प्रभारी ने बताया कि बोलेरो वाहन से 10 गौ वंशों को ले जाया जा रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ है कि वाहन में सवार व्यक्ति एक संगठित तस्कर गिरोह से जुड़े हुए हैं। मामले की जांच जारी है और तस्करों के नेटवर्क का पता लगाने के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।

समिति की अपील:
नई गौ रक्षक समिति ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को गौ तस्करी की सूचना मिलती है तो वे तत्काल समिति या पुलिस को सूचित करें, जिससे गौ माता की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
यह घटना न केवल गौ रक्षा को लेकर सजग नागरिकों की सक्रियता का प्रमाण है, बल्कि पुलिस एवं प्रशासन के लिए भी एक चेतावनी है कि ऐसे अपराधों की रोकथाम के लिए सख्त और त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।

