
उदित वाणी, पटमदा : बोड़ाम प्रखंड की पहाड़पुर पंचायत अंतर्गत डांगरडीह गांव में सोमवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हो गया. गांव के किसान जगदीश कुंभकार की कीमती गाय बिजली के करंट की चपेट में आकर दम तोड़ बैठी.
मुखिया पहुंचे स्थल, मुआवजे का दिलाया भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत के मुखिया अजब सिंह घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और मृत पशु के मालिक को बिजली विभाग से उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. मुखिया ने स्पष्ट आरोप लगाया कि यह हादसा बिजली विभाग की लापरवाही का नतीजा है.
पशुपालन विभाग ने मृत घोषित किया, पोस्टमार्टम की तैयारी
हादसे की जानकारी पशुपालन विभाग के टोल फ्री नंबर पर दी गई. विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गाय को मृत घोषित कर दिया. अधिकारियों ने मृत गाय का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराने की बात कही है.
पहली बार बछड़ा देने वाली गाय थी, भारी नुकसान
मृतक गाय के मालिक के पुत्र तपन कुंभकार ने बताया कि गाय साहिवाल नस्ल की थी. यह पहली बार बछड़े को जन्म देने के बाद प्रतिदिन 10 से 12 लीटर दूध दे रही थी. इस हादसे से परिवार को लगभग 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है.
ट्रांसफॉर्मर खराब, बारिश ने बढ़ाया खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, डांगरडीह पुलिस कैंप के पास लगे ट्रांसफॉर्मर के खराब होने के बाद वहां की डीपी में तकनीकी खराबी आ गई थी. बारिश के कारण जमीन पर करंट फैल गया. गाय घास चरने के बाद उसी रास्ते से गुजर रही थी, जब यह हादसा हुआ.
गांव में अंधेरा, कनेक्शन काटा गया
घटना के बाद बिजली विभाग ने तत्काल प्रभाव से विद्युत आपूर्ति बंद कर दी. सोमवार शाम 8 बजे तक पूरा गांव अंधेरे में डूबा रहा.

