
उदित वाणी, आदित्यपुर : शेरे पंजाब चौक, आदित्यपुर के पास मुख्य मार्ग के सर्विस लेन (ब्राह्मण टोला बस्ती के पास) पर एक दुकान (मां अन्नपुर्णा जेनरल स्टोर) के पास सरायकेला-खरसावाँ जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष अंबूज कुमार के उपर बीती रात जानलेवा हमला हुआ है. हरवे-हथियार से लैस असमाजिक तत्वों द्वारा अचानक श्री कुमार के साथ मारपीट कर उन्हें जख्मी कर दिया. घटना बीती रात लगभग 11.15 बजे की बतायी जाती है. घटना के बाद जख्मी अवस्था में श्री कुमार देर रात आदित्यपुर थाना पहुँचे तथा थाना में लिखित शिकायत की गई.
घटना के समय श्री कुमार निजी काम से ईमली चौक से होते हुए शेरे पंजाब चौक की ओर बढ़ रहे थे. इसी दौरान ब्राह्मण टोला बस्ती के पास देर रात खुली रहने वाली दुकान (मां अन्नपुर्णा जेनरल स्टोर) के सामने उक्त घटना घटित हुई, जहाँ श्री कुमार भी समान भी लेने पहुँचे थे. घटना के समय उक्त दुकान के पास सर्विस लेन पर पहले से हीं कुछ युवक अपनी कार के साथ मौजूद थे. सर्विस लेन पर कार खड़ी रहने के कारण हुए जाम को लेकर उनका श्री कुमार के साथ विवाद हुआ. और उनके द्वारा श्री कुमार के साथ मारपीट शुरु कर दी गई. बताया जाता है कि उक्त मां अन्नपुर्णा जेनरल स्टोर देर रात तक खुलला रहता है तथा वहाँ असमाजिक किस्म के लोगों का जमावड़ा भी देखने को मिलता है.
दोषियों को चिह्नित कर कार्रवाई करने की माँग
वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री कुमार आज अपने समर्थकों और कांग्रेसजनों के साथ आज दोपहर समय पुनः आदित्यपुर थाना पहुँचे. श्री कुमार ने आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की से मुलाकात की तथा उनसे घटना में संलिप्त दोषियों को अविलंब चिह्नित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने की माँग की. श्री कुमार ने पुलिस प्रशासन को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह घटना दर्शाती है कि अपराधियों का मनोबल कितना बढ़ा हुआ है, जिसे रोकने में कहीं ना कहीं पुलिस विफल प्रतीत हो रही है. मौके पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव सुरेश धारी, आदित्यपुर नगर अध्यक्ष राहुल यादव, जिला कांग्रेस के महासचिव रामाशंकर पाँडेय, अजय ओझा आदि उपस्थित थे.

