
उदित वाणी, गुवा : छोटानागरा–मनोहरपुर मुख्य मार्ग पर शनिवार को चुरगी गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिला उपाध्यक्ष के वाहन ने सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बिना देर किए घायल युवक को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी स्थिति नाजुक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल युवक मनोहरपुर से छोटानागरा बाजार जा रहा था. तभी चुरगी गांव के समीप झामुमो नेता की गाड़ी सामने से आ टकराई और युवक अपनी बाइक समेत सड़क पर जा गिरा.
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

