
उदित वाणी, चांडिल : चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत चौका – कांड्रा मुख्य सड़क पर सोमवार शाम करीब 4:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. बनसा के समीप, ट्रेलर की चपेट में आने से 28 वर्षीय बाइक सवार युवक प्रकाश महतो की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी. मृतक की पहचान रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र के सिंदुआरडीह गांव निवासी प्रकाश महतो के रूप में की गई है.
बताया जाता है कि प्रकाश महतो गम्हारिया में रहकर एक करखाने में काम करता था. सोमवार को वह बड़ी मां के श्राद्धकर्म में शामिल होने अपने गांव सिंदुआरडीह लौट रहा था, तभी बनसा के निकट पीछे से आ रहे ट्रेलर की टक्कर से उसकी दर्दनाक मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सरायकेला भेज दिया. वहीं, दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को भी जब्त कर लिया गया है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. चौका – कांड्रा सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार से गुजरना अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनता है, जिससे लोग भयभीत रहते हैं. प्रकाश महतो की असमय मौत ने उसके परिजनों और परिचितों को कोहराम में डाल दिया है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि दुर्घटना स्थल पर सुरक्षा बढ़ाई जाए और भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के कड़े कदम उठाएं जाएं ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाएं न हों.

