
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित अंचल कार्यालय के सामने सोमवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाबूडीह लालभट्टा निवासी 42 वर्षीय छोटू कर्मकार की मौत हो गई. हादसे में छोटू अपने तीन साथियों के साथ ऑटो से हाता की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और छोटू गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि साथी दिलीप को हल्की चोटें आईं. हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित फरार हो गया.
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने छोटू की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एमजीएम अस्पताल रेफर किया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रांची रिम्स भेजा गया. लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद छोटू को मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बताया गया कि मृतक छोटू कर्मकार ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनका भविष्य अब संकट में पड़ गया है. गांव में शोक की लहर है और लोग घटना से आक्रोशित हैं.
सूचना के बाद पुलिस ने मौके का मुआयना किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. फरार कार व उसके चालक की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई गई है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर वाहन की पहचान की जा रही है. मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और आरोपी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.

