
उदित वाणी, परसुडीह : छोटा गोविंदपुर में पटाखों से खेलते समय चौथी कक्षा का छात्र पीयूष कुमार गुप्ता (उम्र 11 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार, पीयूष रोज बड्स स्कूल में पढ़ता है और बीते शाम वह अपने दोस्तों के साथ जले हुए पटाखों से बारूद निकाल रहा था. इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पीयूष के मुंह, हाथ और पैर बुरी तरह झुलस गए.
बच्चे की चीख सुनकर उसके पिता तत्काल मौके पर पहुंचे और पीयूष को आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया. अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे का इलाज शुरू किया और उसकी स्थिति अभी फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
मां के अनुसार, पीयूष रोजाना दोस्तों के साथ खेलता था और हादसे के समय पटाखे से आग निकालने की कोशिश कर रहा था, कि तभी अचानक विस्फोट हो गया. परिजन समेत डॉक्टर उसकी देखरेख में जुटे हैं और फिलहाल बच्चा खतरे से बाहर है.

