
उदित वाणी, चांडिल: थाना क्षेत्र अंतर्गत टुईलुंग (शहरबेड़ा) गांव में तीन माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत के मामले में चांडिल थाना पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को मृतका के पति और देवर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. यह कार्रवाई थाना प्रभारी की सक्रियता और सतत निगरानी के कारण संभव हो सकी.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला की मौत के बाद मायके पक्ष की शिकायत पर मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई. प्राथमिक जांच एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करते हुए मृतका के पति अशोक प्रामणिक (30) एवं देवर दीपक प्रामणिक (27) को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
जेल भेजे जाने के दौरान थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में कोई भी दोषी गैरकानूनी कार्य कर बच नहीं सकता. भले ही पूरे मामले की तह तक पहुँचने में कुछ समय लगे, लेकिन दोषियों पर कानून का शिकंजा कसना तय है. पुलिस मामले को लेकर गहन जांच में जुटी हुई है.

